रोनहाट, 18 दिसंबर : शिलाई में कांग्रेस पार्टी द्वारा पंचायत स्तर पर जाकर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को कोटी-बौंच पंचायत के 9 परिवारों ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक और कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमेन हर्षवर्धन चौहान की उपस्थिति में भाजपा को छोड़ कर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है।
विधायक हर्ष वर्धन चौहान ने कोटी-बौंच पंचायत में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओ के साथ बैठक करते हुए बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा की गई घोषणाओं को अब तीन वर्षों से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी सरकार कागजों से जमीन पर नहीं उतार पाई है। सड़कों की हालत बहुत ज्यादा खराब हो गई है मगर भाजपा सरकार खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत के लिए भी धन उपलब्ध करवाने में असमर्थ नजर आ रही है।
वर्तमान भाजपा सरकार ने प्रदेश को बहुत बड़े वित्तीय संकट में पहुंचा दिया है। सरकारी कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए भी सरकार को अब कर्ज का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार की विफलताओं और दमनकारी नीतियों के खिलाफ अब कांग्रेस पार्टी पंचायत स्तर पर जन जागरण अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।
कांग्रेस ब्लॉक के अध्यक्ष सीता राम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत कोटी-बौंच के 9 परिवारों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। जिसमें हरी सिंह, काशी राम, नैन सिंह, हुकमी राम, जगदीश सिंगटा, लंकेश, रमेश, रविंद्र कुमार और पंकज के परिवार शामिल है। उन्होंने बताया कि उपचुनाव में बीजेपी को प्रदेश की जनता ने पहली वैक्सीन का पहला डोज लगा दिया है। अब 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बीजेपी को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने की तैयारी कर रही है।
इस दौरान जिला कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष हरी राम सिंगटा उर्फ राजू शास्त्री, ब्लॉक समिति के पूर्व अध्यक्ष एमआर पराशर, स्थानीय पंचायत प्रधान चंद्रकला देवी, चैन सिंह सिंगटा सहित कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।