शिमला, 17 दिसंबर : हिमाचल में तेंदुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। राज्य की राजधानी शिमला में तेंदुए का ख़ौफ़ बरकरार है। शुक्रवार को तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सरकारी आवास “ओक ओवर” के समीप तक ही तेंदुआ पहुंच गया है। शुक्रवार की सुबह ही एक महिला ने तेंदुआ देखा। झाड़ियों में तेंदुए को देख कर महिला वापस घर के अंदर भागी। इसके अलावा अन्य लोगों ने भी रात को घरो के बाहर तेंदुआ देखा। आबादी वाले इलाके में तेंदुए की चहलकदमी से लोगों में ख़ौफ़ का माहौल बना हुआ है। साथ ही विभाग से तेंदुआ पकड़ने की मांग भी हो रही हैं। लोगों ने इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर वन विभाग से शिकायत भी की है ।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि देर रात घरों के बाहर तेंदुए की आवाज आ रही थी। सुबह साढ़े छह बजे घर से बाहर निकले तो घर के साथ ही झाड़ियों में तेंदुआ नजर आया और भागकर वापस घर के अंदर चले गए। महिलाओ ने कहा कि तेंदुआ नजर आने से घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। बच्चे भी बाहर नहीं खेल सकते हैं।
दीगर है कि दिवाली की रात डाउन डेल क्षेत्र में तेंदुए ने मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया था।