मंडी, 16 दिसंबर : पठानकोट नेशनल हाईवे पर मैगल के पास एक कार (HP 82 6939) अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि उसका बेटा, बहू और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा वीरवार शाम करीब साढ़े तीन बजे का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह सभी बल्ह क्षेत्र के बुराहली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह सभी पधर गए हुए थे, और वापस अपने घर लौट रहे थे। मैगल के नाले के पास पहुंचते ही चालक ने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार नाले में जा गिरी।
मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय दुर्मति देवी पत्नी बसंता राम गांव बुराहली डाकघर घाघणू के रूप में हुई है। जबकि घायलों में 32 वर्षीय रणजीत सिंह पुत्र बसंता राम, 25 वर्षीय मोनिका पत्नी रणजीत सिंह और 5 वर्षीय शिवांश पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव बुराहली डाकघर घाघणू शामिल हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का जोनल हॉस्पिटल मंडी में उपचार चल रहा है।
उधर डीएसपी हेडक्वार्टर राजेश ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही प्रतीत हो रही है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।