कुल्लू, 16 दिसंबर : दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र वाले कुल्लू के मलाणा गांव में अब शराब और मांस का सेवन नहीं होगा। गांव के अधिष्ठाता देवता जमदग्नि ऋषि (जमलू) के आदेशानुसार यह नियम बनाया गया है। यहां पर अब कोई व्यक्ति शराब नहीं बेच पाएगा। अगर कोई ऐसा करता पाया जाता है तो उसे 10 हजार रुपये जुर्माना देना होगा। साथ ही यहां के लोग मछली और मुर्गे का मांस नहीं खा सकेंगे। अंडे पर भी देवता ने प्रतिबंध लगा दिया है।
देवता के आदेश पर पंचायत ने इस फैसले को तुरंत लागू कर दिया है। इतना ही नही पंचायत ने गांव के बाहर एक बोर्ड भी लगा दिया है कि अगर कोई व्यक्ति देवता के स्थान को छूता है तो उसे भी 3500 रुपये जुर्माना चुकाना होगा। 13 वर्षों में मलाणा गांव में दो भीषण अग्निकांड हुए हैं। इसमें करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। हाल ही में हुए अग्निकांड में लगभग 150 लोग बेघर हुए हैं।
इसके बाद देव समाज के लोगों ने अधिष्ठता देव जमलू की शरण में जाकर उनसे इन प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। पंचायत प्रधान राजू राम ने कहा कि देव आदेश लागू कर दिए गए हैं।
मलाणा में शराब का सेवन करते हुए पकड़े जाने पर पहली बार 1100 रुपये जुर्माना वसूल जाएगा। यदि कोई व्यक्ति मलाणा में शराब, अंडा, मछली की बिक्री करते हुए पकड़ा गया तो उस पर 10 हजार रुपये जुर्माना देना होगा। जबकि दूसरी बार ऐसा करने पर उसका हुक्का-पानी बंद होगा।