नाहन, 13 दिसंबर : सामान्य वर्ग आयोग स्वर्ण समाज ने मांग कर नहीं बल्कि, छीन कर लिया है। कोई भी राजनीतिक दल चाहे वह भाजपा हो या कांग्रेस गलती से भी इस भूल में न रहे कि सामान्य वर्ग आयोग उन्होंने दिया है। स्वर्ण समाज ने इसे संघर्ष करके लिया है। यह बात सोमवार को नाहन में पत्रकार वार्ता में देवभूमि क्षत्रिय संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रूमित ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामान्य वर्ग आयोग के गठन के लिए देवभूमि क्षत्रिय संगठन और स्वर्ण मोर्चा ने 10 जनवरी, 2021 से अपनी लड़ाई शुरू की थी।
उन्होंने कहा कि मोर्चा स्वर्ण समाज के उन सभी 62 लाख लोगों का आभार प्रकट करता है, जिन्होंने संघर्ष के समय रोटी, धन व अन्य तरह का सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जब तक आरक्षण आर्थिक आधार पर नहीं होता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग आयोग बनने से स्वर्ण समाज को अपने अधिकार मिलेंगे। इससे लोगों को काफी लाभ होगा। उन्होंने स्वर्ण समाज के लोगों को एकजुट होने का आह्वान भी किया।
रूमित ठाकुर ने संघर्ष के समय बेहतर सहयोग के लिए मीडिया का भी आभार जताया। इस अवसर पर स्वर्ण समाज, देवभूमि क्षत्रिय संगठन, स्वर्ण मोर्चा के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।