नाहन, 12 दिसंबर : 15 साल की उम्र से पहले ही हिमाचल के नाहन की बेटी धृति ने स्क्वाॅश के खेल में अपनी प्रतिभा का शानदार डंका बजाया है। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में धृति ने न केवल अपनी कैटेगरी अंडर-15 में पहला स्थान हासिल किया, बल्कि ओपन वूमेन कैटेगरी में अपनी उम्र से 10 से 15 साल बड़ी लड़कियों को मात देने में सफलता हासिल की। धृति करीब 9 साल की उम्र से स्क्वाॅश खेल रही है।
मेघा व दिविक कांडपाल के घर जन्मी धृति बचपन से ही पढ़ाई में होशियार रही है। रविवार को माता-पिता के लिए उस समय गौरवान्वित पल थे, जब अहमदाबाद की रैकेट अकादमी में आयोजित चैंपियनशिप में धृति ने दोहरे खिताब पर कब्जा किया। आपको बता दें कि अपनी कैटेगरी में इस समय समूचे देश में धृति की रैंकिंग छठे स्थान पर है, यानि केवल पांच खिलाड़ी ही धृति से पायदान में आगे हैं। जबकि वूमेन कैटेगरी में समूचे देश में धृति 27वें पायदान पर है।
खास बात ये है कि धृति की स्क्वाॅश खेलने की नींव नाहन में ही पड़ी। पिता लेफ्टिनेंट कर्नल दिविक कांडपाल भी नाहन में स्क्वाॅश के प्लेयर रहे हैं। पिता के सैन्य अधिकारी होने के कारण धृति को भी कम समय में ट्रांसफर की वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में शिफ्ट होना पड़ता रहा है, लेकिन वो हर जगह स्क्वाॅश कोर्ट को तलाश लेती है। धृति का ये भी कहना है कि उनका लक्ष्य एशियन व काॅमनवैल्थ खेलों में देश के लिए गोल्ड लाना है।
गुजरात की वूमेन चैंपियन बनने के लिए अपनी उम्र से बड़ी कई बेहतरीन खिलाड़ियों का सामना करना पड़ा। धृति की रोल माॅडल स्क्वाॅश में भारत की नंबर वन खिलाड़ी जोशना चिनप्पा हैं। धृति ने स्क्वाॅश में इंडिया के नंबर वन खिलाड़ी सौरभ गौशाल से भी मुलाकात की है। रविवार को अहमदाबाद में टूर्नामेंट के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे लेफ्टिनेंट जनरल आसीत मिस्त्री से ट्राॅफी हासिल की।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता का आयोजन स्क्वाॅश रैकेटस एसोसिएशन गुजरात द्वारा नेशनल फैडरेशन के तत्वाधान में किया गया था। कुल मिलाकर अहम बात ये है कि नन्हीं बेटी अपने पैतृक प्रदेश के लिए गौरवान्वित पल लेकर आई है। उम्मीद की जानी चाहिए कि भविष्य में धृति के सपने साकार हों।