नाहन, 10 दिसंबर : सगाई की आड़ में पीड़िता से बार-बार दुष्कर्म हुआ। करीब 8 साल पहले काॅलेज में पढ़ाई के दौरान आरोपी पीड़िता का पीछा करता था। यशवंत विहार के रहने वाले युवक पर ये भी आरोप है कि वो पीड़िता से दोस्ती करने का दबाव डालता था। कुछ समय बाद आरोपी राजकुमार अपने माता-पिता को लेकर रिश्ते की बात करने पीड़िता के घर 2014 में पहुंचा था। रिश्ते के वक्त कहा गया कि दो-तीन साल में शादी हो जाएगी।
पीड़िता की मानें तो वो बार-बार विश्वास दिलाता रहा कि जल्द ही शादी कर लूंगा। इसी बीच 2015 में पीड़िता को एक परीक्षा के सिलसिले में शिमला जाना था। इसके बाद वो भी चंडीगढ़ से उसके साथ शिमला चला गया। परीक्षा से एक दिन पहले शिमला पहुंचे थे। होटल के कमरे में वो बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा। इसके बाद भी वो उसे बुलाता था, लेकिन वो इंकार कर देती थी।
पीड़िता की मानें तो सगाई की आड़ में वो बार-बार संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। एक बार उसने अपने माता-पिता से मिलने के लिए घर भी बुलाया। जब घर पहुंची तो उसके माता-पिता कहने लगे कि एचएएस या यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी करो। नौकरी की तैयारी करो, हमारा बेटा बैंक में नौकरी करता है। पीड़िता ने कहा कि उनके कहने पर ही वो चंडीगढ़ कोचिंग के लिए गई, वहां भी राजकुमार उससे मिलने आया करता था। चंडीगढ़ में भी वो एक बार उसे होटल में लेकर गया।
इस दौरान भी कहा कि सगाई तो हो ही गई है, संबंध बनाने में कुछ फर्क नहीं पड़ता। पीड़िता की मानें तो चंडीगढ़ से लौटने के बाद एक बार उसे राजकुमार की मां ने फोन कर गहने पसंद करने को भी कहा था। इस दौरान उसकी मां घर से कहीं चली गई। इसके बाद उससे घर पर ही शारीरिक संबंध भी बनाए गए। मना करने पर हाथ भी उठाया गया। 28 फरवरी 2017 को शादी की तारीख भी तय कर दी गई, लेकिन आरोपी के परिवार में कोई अप्रिय घटना हो जाने के कारण इसे टाल दिया गया। इसके बाद आरोपी ने अपनी ट्रांसफर ग्वालियर करवा ली। सितंबर 2017 के बाद आरोपी शहर से चला गया।
शारीरिक उत्पीड़न की बात को जब आरोपी के माता-पिता को बताया गया तो वो उससे बदसलूकी करने लगे। इसके बाद भी आरोपी शादी के लिए मान गया था। पीड़िता के माता-पिता अप्रैल 2021 में गांव के उप प्रधान को लेकर भी आरोपी के घर पहुंचे थे। इस दौरान पीड़ित परिवार से 5 लाख रुपए व गाड़ी की डिमांड की गई। पीड़िता के पिता ने कालाअंब में अपनी जमीन को बेच दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 18 नवंबर 2021 को आईपीसी की धारा-376, 406 व 34 के अलावा दहेज उत्पीड़न की धारा-4 के तहत मामला दर्ज किया।
उधर, पूछे जाने पर डीएसपी (मुख्यालय) मीनाक्षी ने बताया कि आरोपों को लेकर तस्दीक की जा रही है। आरोपी ने अदालत से अंतरिम जमानत ली हुई है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज होने से पहले ही अंतरिम बेल ले ली गई थी।