पांवटा साहिब, 10 दिसंबर : सिरमौर में गुरुवार शाम को एक अज्ञात कार ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाएं बुरी तरह जख्मी हो गई, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से एक महिला को गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रैफर किया गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार (40) बबली देवी पत्नी जागा राम निवासी भूपुर पांवटा साहिब और सत्या देवी पत्नी सुरेश निवासी बाता मंडी पांवटा साहिब बीती शाम उद्योग से काम करके वापिस घर लौट रही थी। इसी बीच बाता पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज़ रफ़्तार कार ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी। वहीं हादसे के बाद कार चालक फरार बताया जा रहा है।
आस-पास के लोगों की मदद से महिलाओं को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सत्या देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रैफर किया गया। वहीं डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।