शिमला, 09 दिसंबर : आईजीएमसी में रेजिडेंट डॉक्टर की सोमवार से चली आ रही हड़ताल गुरुवार को आश्वासन के बाद 7 दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। केंद्र कार्यकारिणी द्वारा सरकार के साथ बैठक के बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगे मान ली जाएगी। उसके बाद चिकित्सकों ने 16 दिसंबर तक हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि आईजीएमसी में सोमवार से 2 घंटे की हड़ताल की जा रही थी। बुधवार को रेजिडेंट डॉक्टर ने पूरे दिन की हड़ताल शूरू कर दी थी। गुरुवार को भी हड़ताल जारी थी, लेकिन दोपहर बाद केंद्र कार्यकारिणी के निर्णय के बाद रेजिडेंट डॉक्टर ने अपनी हड़ताल 16 दिसंबर तक वापिस ले ली है। आईजीएमसी के वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर मनोज ने यह जानकारी गुरुवार को आईजीएमसी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर तक उन्होंने हड़ताल स्थगित की है यदि उनकी मांगे उसके बाद भी नही मानी जाती तो फिर से पूरे दिन की हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। डॉ. मनोज का कहना था कि पहली और दूसरी लहर के बाद अब काेविड-19 की तीसरी लहर आने की तैयारी है। ऐसे में फिर से डॉक्टरों को दिन रात एक करना पड़ेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट से भी आग्रह किया है कि इस प्रक्रिया को फास्ट ट्रैक में सुनवाई करें और उसमें आवश्यक संशोधन करें ताकि इसमें डॉक्टरों को न्याय मिल सके।