चंबा, 03 दिसंबर : किहार सेक्टर के जलाड़ी गांव में छह महीने पहले गुमशुदा हुई लड़की को तलाश करने पहुंची जम्मू कश्मीर की पुलिस टीम को अपनी सुरक्षा करने के लिए गांव में आंसू गैस के गोले दागने पड़े। यह मामला शुक्रवार सुबह सामने आया। जेएंडके पुलिस के 35 जवान गुमशुदा लड़की को ढूंढने पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में बहसबाजी बढ़ गई। पुलिस जवानों को ग्रामीणों से बचने के लिए गांव में आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
जम्मू कश्मीर की पुलिस ने गांव में जाने से पहले किहार थाना में सूचना नहीं दी। सूचना मिलने पर किहार थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को किहार थाने में बुलाया। जहां पर जेएंडके पुलिस और ग्रामीणों के बीच में समझौता करवाया गया। साथ ही ग्रामीणों को गुमशुदा की तलाश करने में पुलिस की मदद करने को कहा गया।
जानकारी के अनुसार अभी तक गुमशुदा का पता नहीं लग पाया है। गुमशुदा लड़की के अभिभावकों ने उच्च न्यायालय जम्मू कश्मीर में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। न्यायालय के आदेशानुसार जेएंडके की पुलिस उसे तलाश करने के लिए चंबा पहुंची थी। पुलिस के साथ लड़की के परिजन भी मौजूद थे। इस मामले में चंबा पुलिस भी जेएंडके पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है। जल्द ही लड़की के मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अधीक्षक चंबा अरुल कुमार ने बताया कि किहार थाना में सूचना दिए बिना जेएंडके पुलिस जलाड़ी गांव में गुमशुदा को तलाश करने पहुंची थी। इससे वहां ग्रामीणों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर हालात पर काबू पाया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मामले में झूठी अफवाह ना फैलाएं।