शिमला, 01 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवरों में बदलाव आया है। राज्य की ऊंची चोटियों पर सुबह से हल्की बर्फबारी हो रही है, जिससे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू व चंबा की पर्वत श्रृंखलाओं पर ताजा हिमपात हुआ है। वहीं राजधानी शिमला सहित मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में दिन भर घनघोर बादल छाए रहे। पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली व डलहौजी में मौसम बर्फबारी के अनुकूल बन गया है।
शिमला में सैलानी सीजन की पहली बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दिसम्बर महीने में यहां अक्सर बर्फबारी होती है, जिसे देखने सैलानियों का तांता लगता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक छह दिसम्बर तक शिमला में मौसम का पहला हिमपात हो सकता है।
मौसम के तेवरों से राज्य में ठंड का असर बढ़ गया है तथा विभिन्न शहरों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में दिन का तापमान 7 डिग्री लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस पहंच गया।
लाहौेल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री, मनाली में 2.2 डिग्री, भुंतर में 3 डिग्री, डल्होैजी में 3.3 डिग्री, चंबा में 3.6 डिग्री, सुंदरनगर में 4 डिग्री, मंडी में 5.2 डिग्री, सोलन में 5.5 डिग्री, कुफरी में 5.6 डिग्री, पालमपुर में 6 डिग्री, सराहन में 6.5 डिग्री, ऊना व शिमला में 6.8 डिग्री, बिलासपुर में 8 डिग्री, हमीरपुर में 7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं अधिकतम तापमान की बात करें, तो केलांग में 7.4 डिग्री, कल्पा में 8.7 डिग्री, डल्हौजी में 10.7 डिग्री, चंबा में 19.2 डिग्री, धर्मशाला में 17.2 डिग्री, कांगड़ा में 20.7 डिग्री, भुंतर में 12.6 डिग्री, हमीरपुर में 16.5 डिग्री, सुंदरनगर में 13.8 डिग्री, बिलासपुर में 15 डिग्री, सोलन में 14, नाहन में 17.9 सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने आगामी छह दिसम्बर तक मौसम के खराब रहने का अनुमान जताया है। तीन व छह दिसम्बर को बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से अगले पांच दिन बारिश-बर्फबारी का दौर चलने के आसार हैं। तीन दिसम्बर को निचले, मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में गरज और तड़ित की संभावना है। 4 दिसम्बर को मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौेसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। पांच व छह दिसम्बर को बारिश-बर्फबारी होगी। उन्होंने कहा कि छह दिसम्बर को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।