नाहन, 30 नवंबर : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब स्थित हिमालयन ग्रुप ऑफ़ प्रोफैशनल इंस्टीटयूशन के छात्र ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जूनियर वैज्ञाानिक के नाम से विख्यात डाॅ. विवेक कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘विश्व नीम योद्धा’ अवार्ड से अलंकृत किया गया है।
नेपाल के लुम्बनी में 29 नवंबर 2021 को ये अवार्ड नेपाल सरकार की मंत्री सुषमा यादव, पर्यावरण मंत्रालय के सचिव पशुपति नाथ कोइराला के द्वारा प्रदान किया गया। डाॅ. विवेक इस समय एचजीपीआई के फार्मेेसी विभाग में द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। बता दें कि वन व पर्यावरण के क्षेत्र में अमूल्य कार्य करने वाले योद्धाओं को इस सम्मान लिए चयनित किया गया था।
डाॅ. विवेक के द्वारा विकसित एंटी माॅस्किटो लिक्विड व इम्युनिटी बूस्टर की रिसर्च की गई थी। इसी के आधार पर अवार्ड के लिए चयन हुआ। गौरतलब है कि कनाडा के एक विश्वविद्यालय द्वारा डाॅ. विवेक को 18 वर्ष की उम्र में ही डाॅक्टरेट की डिग्री प्रदान की गई थी। मूलतः बिहार के गोपालगंज जिला के बैकुंठपुर प्रखंड के बनौरा गांव के रहने वाले डाॅ. विवेक कुमार की झोली में कम उम्र में ही बेशुमार उपलब्धियां हैं।
गौरतलब है कि विवेक का सपना डाॅक्टर बनना था, लेकिन पहली कोशिश में सफलता नहीं मिली तो दूसरा प्रयास न करने का निर्णय लिया। इसके बाद वैज्ञानिक बनने के जुनून को आगे बढ़ाया। दीगर है कि 2019 में महज 16 साल की उम्र में ही एक ऐसा अविष्कार किया था, जिसकी चर्चा समूचे देश में हुई थी। नन्हें वैज्ञानिक ने ‘ए पावर शू’ का अविष्कार किया था। ये चलने-फिरने पर ही रिचार्ज होता है।
उधर, संस्थान के वाइस चेयरमैन विकास बंसल ने डाॅ. विवेक को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि होनहार छात्रों की बदौलत संस्थान को भी गौरवान्वित होने का अवसर मिलता है।