मंडी, 28 नवंबर : जंजैहली उपमंडल के तहत पड़ने वाली ग्राम पंचायत सगलावाडा के ढबोला गांव में आगजनी की घटना पेश आई है, यहां रविवार सुबह करीब 8:30 बजे 5 परिवारों के रिहायशी मकानों में आग लग गई।
आगजनी की इस घटना में 16 कमरे जलकर राख हो गए, जिससे इन परिवारों का 38 लाख का नुकसान हो गया। आग का मुख्य कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आगजनी की इस घटना में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मकान गोविंद राम, धनी राम, भाग सिंह, मुरारी लाल और मोहन लाल का संयुक्त मकान है। रविवार सुबह जब आगजनी की यह घटना पेश आई तो परिवार के सभी सदस्य खेतों में काम कर रहे थे। मकान से जैसे आग की लपटें निकली तो परिवार के लोग शोर मचाते हुए खेतों से घर की ओर भागे। शोर सुनकर स्थानीय लोग भी आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे परंतु आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। वहीं दमकल विभाग का वाहन जब मौके पर पहुंचा तब तक सब राख हो चुका था। ग्रामीण राजस्व अधिकारी सील हिगाड महेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेज दी है। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत प्रदान करते हुए 10- 10 और तिरपाल वितरित किए गए है।
उन्होंने बताया कि आगजनी की इस घटना में 30 लाख मकान और 8 लाख नकदी जेवरात का नुकसान हुआ है। वहीं एसएचओ जंजैहली संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि की है उन्होंने बताया कि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।