ऊना, 24 नवंबर : उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत जोल में बुधवार को वर्षाशालिका में एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान विकास शर्मा निवासी जोल के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्यास लगाए जा रहे हैं कि विकास नशे की हालत में था और ठंड लगने के चलते उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक विकास मंगलवार शाम को खुरवाईं से बस में सवार होकर जोल तक नशे की हालत में आया था। जोल में बस से नीचे उतरकर विकास कुछ दूरी पर गिर गया, जिसे स्थानीय लोगों ने जोल के रेन शेल्टर में बिठा दिया था और घर वालों को सूचित कर दिया था।
विकास के घर से कोई भी सदस्य इसे लेने नहीं आया और सुबह उसे मृत अवस्था में पाया। डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंदर सिंह का कहना है कि मृतक विकास शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।