मंडी, 23 नवंबर : पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने अपने 76वें जन्मदिवस के मौके पर क्रेंद व प्रदेश सरकार पर जुबानी हमला बोला है, मंगलवार को मंडी जिला के उपमंडल पधर में आयोजित जनसभा के दौरान प्रदेश के मुखिया जयराम ठाकुर को घेरते हुए कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश में विकास के काम ठप्प पड़े हुए है, और मुख्यमंत्री चारों ओर डबल इंजन की सरकार का राग अलाप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा प्रदेश में जो 4 मेडिकल कॉलेज खुले हैं वह कांगेस पार्टी की देने है। कौल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में कोई भी बड़ी योजना लाने में नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनौती देते हुए बताया कि यदि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, तो जयराम ठाकुर एक मेडिकल कॉलेज कुल्लू में खोल कर बताएं। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री व दूसरी ओर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 70 सालों में देश में विकास कार्य न होने का रोना रोते रहते हैं और भूल जाते हैं कि देश को कांग्रेस पार्टी ने ही आजाद करवाया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा उपचुनाव में चारों सीटें जीत कर जनविरोधी सरकार को ट्रेलर दिखा दिया है, और 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ पूरी फिल्म दिखाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 50 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा को सत्ता से बाहर फेंकेगी। वहीं अपने संबोधन में कौल सिंह ठाकुर ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत आए दिन शहीदों का अपमान कर रही हैं जो कि गलत है। वहीं उन्होंने कहा कि आज कल अंधभक्त भी कंगना की हां में हां मिला रहे हैं। उन्होने कंगना रनौत को नसीहत देते हुए बोला कि यदि इतिहास का पता न हो तो मुंह नहीं खोलना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान कर पद्मश्री भी प्राप्त कर लिया, जबकि उनके परिवार के सदस्य कांग्रेस पार्टी में पदाधिकारी भी रह चुके हैं। इससे पूर्व मंडी से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने अपना 76वां जन्मदिवस हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं संग उपमंडल मुख्यालय पधर में मनाया। इस मौके पर पधर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कौल सिंह ठाकुर का ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान द्रंग ब्लॉक कांग्रेस द्वारा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और र्भ्ष्टाचार के खिलाफ आईपीएच रेस्ट हाउस से कटिपरी मोड़ तक आक्रोश रैली भी निकाली।