कांगड़ा, 21 नवंबर : देश-विदेश में पैराग्लाइडिंग में एक अलग पहचान रखने वाली कांगड़ा की बीड़ बिलिंग घाटी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। लगभग 500 मीटर की ऊंचाई से घर की छत पर गिरने से कांगड़ा जनपद के ही रहने वाले संदीप चौधरी (32) की दर्दनाक मौत हो गई। टेंडम फ्लाइट में मृतक ने पायलट के साथ उड़ान भरी थी।
ऊंचाई पर पहुंचने के बाद युवक ने नियंत्रण खो दिया। नीचे गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। साथ ही पैराग्लाइडर के मालिक व पायलट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अपने दोस्तों के साथ बिलिंग घूमने आया था। इसी दौरान उसने टेंडम फ्लाइट में पैरा ग्लाइडिंग करने का फैसला लिया। काफी ऊंचाई पर जाने के बाद वो नीचे घर की छत पर आ गिरा।
कांगड़ा के एएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। बैजनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि चंद रोज पहले भी एक चार साल की बच्ची को पैराग्लाइडिंग करवाने पर पायलट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।