नहान, 21 नवंबर : हिमाचल प्रदेश नई पेंशन योजना संघ के प्रयासो से 28 नवंबर 2021 की सायं 3:30 बजे डाईट नाहन में सभी कर्मचारी एवं अधिकारी संघो की बैठक आयोजित की जायेगी। जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र पुंडीर, महासचिव डॉ. एमके कौशल वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश परमार, महिला विंग अध्यक्षा प्रीतिका परमार, खंड अध्यक्ष नहान सन्दीप कश्यप, खण्ड अध्यक्ष राजगढ पृवीण शर्मा, पांवटा साहिब अध्यक्ष बीआर सींगटा, नौहराधार अध्यक्ष जितेन्द्र चौहान, संगड़ाह अध्यक्ष चन्द्रमणि वर्मा व शिलाई अध्यक्ष सुरेश सिंगटा ने सभी संघो से आग्रह किया कि इस बैठक में उपस्थित हो। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुरानी पेंशन बहाली हेतु मंथन करना हैं।
संघ ने आशा व्यक्त की है कि जिस प्रकार केन्द्र सरकार ने जनमत के मध्यनजर उदारता से विचार कर विवादित कृषि कानूनो को वापिस लिया, उसी प्रकार कर्मचारी हितो में नई पेंशन प्रणाली के काले कानून को भी वापस लेगी। सम्पूर्ण राष्ट्र में जहां लाखों कर्मचारी राष्ट्रीय पुरानी पेंशन आंदोलन (एनएमओपीएस) के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन कर रहा है। वही हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विभागों एवं वर्गो के कर्मचारी व अधिकारी एक जुट हो कर हिमाचल प्रदेश नई पेंशन योजना कर्मचारी संघ ( एचपी एनपीएस ईए) के बैनर तले संघर्षरत हैं। पंचायत स्तर से राज्य स्तर तक अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
संघ जिला अध्यक्ष से जहां आशा व्यक्त की कि 27 नवम्बर को आयोजित होने वाली जेसीसी की बैठक में सरकार अवश्य ही इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेगी तथा सकारात्मक परिणाम होंगे। वहीं सभी संघो से अपील भी की हैं कि वह सर्व कर्मचारी एवं अधिकारी हितार्थ इस महत्वपूर्ण मांग हेतु एक साथ संघर्ष करे। संघ ने सभी कर्मचारी अधिकारी संगठनो के जिला पदाधिकारियों से विनम्र निवेदन किया है कि वह 28 नवम्बर को आयोजित होने वाली बैठक में पधार कर अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करें ताकि एक संयुक्त रणनीति तैयार की जा सके।