मंडी, 20 नवंबर : नगर परिषद के बनायक वार्ड मार्ग पर पूर्व मंत्री व भाजपा नेता रूप सिंह ठाकुर की 12 सितंबर 2012 को पुल के उद्घाटन की पट्टिका व दीवार शरारती तत्वों ने तोड़ डाली है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय उन्होंने नशे में धुत एक युवक को वहां से ईंटे उठाते देखा था। लेकिन उन्हें ज्ञात न था कि वह पट्टिका दीवार को तोड़ रहा है। जब पट्टिका की टूटी दीवार पर उनकी नजर पड़ी तो मामले का पता चला।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी कई स्थानों पर पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर सहित पूर्व कांग्रेस के विधायक सोहन लाल ठाकुर व मौजूदा भाजपा विधायक राकेश जम्वाल की पट्टिकाएं टूटने के मामले भी सामने आए थे। इन घटनाओं के पीछे रहे दोषियों का आज दिन तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अब ताजा घटनाक्रम में बनायक वार्ड मार्ग पर करीब एक दशक पूर्व किए गए पुल के उद्घाटन की पट्टिका व दीवार टूटने से मामला फिर से गर्मा गया है।
पूर्व मंत्री रुप सिंह ठाकुर ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने इतना तक कह दिया कि अगर किसी राजनीतिक दल को उनके उद्घाटन व शिलान्यास पट्टिका तोड़ना सही लगता है तो उन्हें कोई एतराज भी नहीं है। लेकिन शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिका तोड़ने से विकास की गाथा नहीं लिखी जा सकती। जनता सब जानती है कि किसने विकास करवाया है और किसने नहीं।
इस बारे में जब उपमंडल अधिकारी सुंदरनगर धर्मेश रामौत्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि जिन शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस के साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस को भी मामले को लेकर जांच के आदेश दिए हैं।