मंडी,19 नवंबर : हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरू नानक देव जी की 552वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर शुक्रवार को मंडी शहर के ऐतिहासिक गुरू गोबिंद सिंह गुरूद्वारे में कार्यक्रमों की श्रिंखला में कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसमें प्रभात फेरी, शब्द कीर्तन दरबार आदि कार्यक्रम शामिल रहे। गुरुद्वारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, इस दौरान सभी ने सिख धर्म के संस्थापक और सिखों के पहले गुरु नानक देव जी के वचनों का श्रवण किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से आए रागी जत्थों ने भी कीर्तन के माध्यम से गुरु की महिमा का बखान किया।
इस मौके पर लंगर का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं को लंगर छकाया गया। गुरु गोबिंद सिंह गुरुद्वारा के ग्रंथी ने बताया कि सुबह से ही गुरुद्वारे में पूरा दिन सेवा और भक्ति का संगम चल रहा है। उन्होंने इस पावन मौके पर समस्त साध संगत को बधाई दी व सभी से गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती पर देश में किसान आंदोलन की जीत हुई है, जो कि सत्य की जीत है। इसके लिए ग्रथी सुखदेव सिंह ने देश के सभी किसानों को बधाई भी दी है।