पांवटा साहिब, 14 नवंबर : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जनसभा से कुछ फासले पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राज्यव्यापी पदयात्रा शुरू हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के सतीवाला में शिलान्यास व उद्घाटन के सिलसिले में पहुंचे थे, तो वही कुछ किलोमीटर के फासले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने ज्वलंत समस्याओं को लेकर पांवटा साहिब से पदयात्रा शुरू की।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर राज्यव्यापी जन जागरण अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान लोगों से सीधे संवाद स्थापित किए जाएंगे साथ ही आम लोगों को महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ जागृत भी।
पार्टी अध्यक्ष के मुताबिक विधायक, पूर्व विधायक व कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी अपने-अपने जिला में इस अभियान को शुरू करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पहले चरण में 5 विधानसभा क्षेत्रों में 14 नवंबर से 18 नवंबर तक जन जागरण अभियान होगा, जिसका नेतृत्व वह खुद करेंगे। पदयात्रा के अलावा प्रभात फेरियों नुक्कड़ सभाओं का भी आयोजन होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष पांवटा साहिब के बाद वो कसौली को कुटलैहड़, शाहपुर व झंडुत्ता में जन जागरण पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। रविवार को पांवटा साहिब में प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की पदयात्रा में कांग्रेस के सिरमौर अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह, पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक हर्षवर्धन चौहान व पूर्व विधायक करनेश जंग चौधरी इत्यादि भी शामिल थे।
फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत की टिप्पणी पर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने तीखी आलोचना करते हुए कहा कि इससे स्वतंत्रता संग्राम में जुड़े सेनानियों व शहीदों का अपमान हुआ है। हैरानी की बात यह है कि ऐसे अनाप-शनाप बयान देने वाली अभिनेत्री को मोदी सरकार द्वारा पद्मश्री से अलंकृत किया गया है।
राठौर ने ये भी बताया कि 28 नवंबर तक हरेक ज़िला मुख्यालय पर भी जन जागरण अभियान चलाया जायेगा। बता दे कि कांग्रेस द्वारा हाल ही में उपचुनाव जीते पार्टी प्रत्याशियों को सम्मानित भी किया जायेगा।