कालाअंब, 12 नवंबर : औद्योगिक क्षेत्र में साबू सरिया फैक्टरी के नजदीक गली में एक नाले में शव बरामद हुआ है। युवक का शव नाले में औंधे मुंह गिरा हुआ था। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। लेकिन माना जा रहा है कि वो किसी फैक्टरी में काम करता था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि बीती रात मृतक ने काफी शराब पी रखी थी। इस कारण वो पहले भी सड़क पर एक-दो जगह गिरा था। मगर गली के नाले में गिरने के बाद उसे किसी ने नहीं देखा। शराब के अधिक सेवन के कारण वो अचेत अवस्था में नाले में ही पड़ा रहा। इस कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस को नाले में शव होने की सूचना शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे के आसपास मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल काॅलेज भेजा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि शाम तक शिनाख्त कर ली जाएगी। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मरने वाले व्यक्ति की उम्र 25 से 27 साल के बीच प्रतीत हो रही है।