रिकांगपिओ, 11 नवंबर : उपायुक्त किन्नौर अपूर्व देवगन ने राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य उत्सव एवं क्राफ्ट मेले के आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य उत्सव व क्राफ्ट मेला 20 से 24 नवम्बर तक रिकांगपिओ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नृत्य उत्सव व क्राफ्ट मेले का शुभारंभ करेंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री जिले के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए गठित कमेटियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उनके लिए आवंटित कार्य को सही प्रकार से करें ताकि नृत्य व क्राफ्ट मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा सके।
उन्होंने बताया कि नृत्य उत्सव में प्रदेश के जनजातीय उप मंडलों के 8 नृत्य दल भाग लेंगे। इसके अलावा इन्हीं क्षेत्रों के हथकरघा, हस्तशिल्प उत्पादों की 5 दिवसीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी जिसके लिए स्टाॅल स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय नृत्य उत्सव व क्राफ्ट मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाज, पहरावा, वेश-भूषा आदि के बारे में अवगत करवाना है साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में तैयार किए जाने वाले हथकरघा, हस्तशिल्प उत्पादों जिनमें लकड़ी पर की जाने वाली नक्काशी, जेवरात, विभिन्न उत्सवों व त्यौहारों में प्रयोग किए जाने वाला सामान इत्यादि के बारे में बताना है। जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से आम लोगों को रू-ब-रू करवाना है।