शिमला, 07 नवम्बर : भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक रविवार को नई दिल्ली में हुई। इस बैठक में पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के अलावा हाल ही में हुए उपचुनाव पर चर्चा हुई। हिमाचल की चार सीटों पर उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार पर भी शीर्ष भाजपा नेतृत्व में गंभीर मंथन किया।
इस बैठक में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं संगठन महामंत्री पवन राणा शिमला स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर से जुड़े। इनके साथ भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं सह प्रभारी संजय टंडन चंडीगढ़ और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर दिल्ली से जुड़े।
बैठक रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई और दोपहर तीन बजे समाप्त हुई। हिमाचल उपचुनाव में हार पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत प्रदेश भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि हार के पीछे जो भी कमियां रहीं हैं, उनको दूर किया जाएगा और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर भाजपा जीत हासिल कर फिर सत्ता पर काबिज होगी।
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकारिणी के देशभर के सदस्यों को पार्टी को कैसे बेहतर बनाएं इसके मंत्र दिए। यह बैठक कोरोना के चलते करीब डेढ़ साल बाद प्रत्यक्ष रूप से हुई है।
बाद में प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि बैठक में पांच राज्यों में आने वाले चुनाव को लेकर रणनीति तय की गई। साथ ही हाल ही में हुए उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इन उप चुनावों में सभी कमियों को पूरी करते हुए 2022 के चुनावों के लिए भाजपा तैयार है और हम आने लक्ष्य पर अटल है।