शिमला, 4 नवंबर : हिमाचल प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है। राज्य के जनजातीय इलाकों में हाड़कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति व किन्नौर जिलों में झीलें, झरने व अन्य प्राकृतिक जल स्रोत जमना शुरू हो गए हैं। इन दोनों जिलों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है, तथा सर्दी के प्रकोप से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीती रात हिमाचल प्रदेश में सीजन की सबसे ठंडी रात थी और इस मौसम में पहली बार पारा शून्य से 4.6 डिग्री नीचे चला गया।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और राज्य में यह सबसे ठंडा स्थल रहा। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। मनाली में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री, भुंतर में 4.7 डिग्री, चंबा, सोलन एवं सुंदरनगर में 6.2 डिग्री, हमीरपुर में 7.8 डिग्री, मंडी में 7.9 डिग्री, शिमला में 8.4 डिग्री, डल्हौजी में 8.5 डिग्री, पालमपुर में 9 डिग्री, धर्मशाला व कांगड़ा में 9.1 डिग्री, बिलासपुर में 10 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 10.5 डिग्री और उना में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश-बर्फबारी नहीं हुई। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश स्थानों पर वीरवार को धूप खिलने से मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग ने आगामी आठ नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम के साफ रहने का अनुमान जताया है।