शिमला, 2 नवंबर : फतेहपुर विधानसभा सीट एक बार फिर कांग्रेस की झोली में चली गई। इस सीट पर सहानुभूति कार्ड चला और दिवंगत कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी सिंह पठानिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा के साढ़े पांच हजार से अधिक मतों से पराजित किया। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन सभी 23 राउंड की मतगणना पूरी की जा चुकी है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया को सर्वाधिक 24449 मत मिले। भाजपा के बलदेव ठाकुर को 18660 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे। निर्दलीय उम्मीदवार डाॅक्टर राजन सुशांत ने 12927 मत लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। हिमाचल जन क्रांति पार्टी के पंकज कुमार को 375 और निर्दलीय अशोक कुमार को 295 वोट पड़े। इसके अलावा 389 मतदाताओं ने नोटा बटन का दबाया। भवानी सिंह पठानिया पहली बार विधायक बने हैं। उनके पिता व कांग्रेस के कदावर नेता सुजान सिंह पठानिया के निधन के कारण यहां उपचुनाव करवाए गए हैं।
इस उपचुनाव में भाजपा की हार की सबसे बड़ी वजह गुटबाजी मानी जा रही है। भाजपा में टिकट आबंटन पर स्थानीय नेताओं में असंतोष था। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 12 हजार से अधिक वोट हासिल करने वाले डॉक्टर राजन सुशांत पूर्व धूमल सरकार में मंत्री रह चुके हैं।