शिमला, 31 अक्तूबर : हालांकि, हिमाचल में पुरुष व महिला मतदाताओं (voters) की संख्या में मामूली अंतर होता है। अंतर चाहे मामूली हो लेकिन पुरुषों की संख्या अधिक होती है। यही बात, मतदान की प्रतिशतता में भी झलकती है।
हिमाचल के कांगड़ा जनपद के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव (by election) में एक खास बात सामने आई है। यहां पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक वोट कास्ट (vote cast) किया है। महिलाओं का आंकड़ा 29,500 का रहा। जबकि 27,094 पुरुषों नेन वोट डाले। मतदान प्रतिशतता 66.06 प्रतिशत रही। इस हलके में 43,158 पुरुष मतदाता हैं, जबकि महिलाओं की संख्या 42,528 है। मोटे तौर पर 70 प्रतिशत महिलाओं ने वोट कास्ट किया। वहीं, पुरुष मतदाताओं का आंकड़ा 64 फीसदी के आसपास रहा।
उधर, अर्की हलके में महिलाओं व पुरुषों के बीच अंतर मामूली था। 29, 342 महिलाओं ने मत के अधिकार का इस्तेमाल किया, जबकि पुरुषों का ये आंकड़ा 30,532 रहा। लगभग 64.5 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले। वहीं, पुरुष मतदाताओं की प्रतिशतता (Percentage) 65.5 के करीब थी।
उधर, भाजपा ने कोटखाई-जुब्बल में महिला को प्रत्याशी बनाया था। इस हलके में हालांकि बंपर वोटिंग (bumper voting) हुई, लेकिन पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने कम मतदान किया। 28,818 पुरुषों की तुलना में 26,899 महिलाओं ने वोट डाले। खास बात ये है कि इस हलके में महिलाओं मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक थी। 35,626 महिला मतदाताओं की तुलना में 35,166 पुरुष मतदाता थे। लगभग 75.25 प्रतिशत महिलाओं ने मत का इस्तेमाल किया। यहां 82 फीसदी पुरुषों ने वोट डाले। तीनों हलकों की ओवर ऑल प्रतिशतता 69.34 रही।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 86,444 पुरुषों ने मत का इस्तेमाल किया, जबकि महिलाओं का आंकड़ा 85,763 रहा। वोट प्रतिशतता के आंकड़े आने वाले नतीजों के कई संकेत दे रहे हैं। कोटखाई-जुब्बल में महिला मतदाता अधिक थे, बावजूद इसके पुरुषों ने अधिक वोट का इस्तेमाल किया। वहीं, फतेहपुर में पुरुष अधिक थे, लेकिन महिलाओं ने अधिक वोट डाले। कुल मिलाकर देखना ये होगा कि चुनावी जीत का सेहरा पहनकर कौन दीपावली के जश्न को डबल करता है।