कांगड़ा,आशीष शर्मा : जिले में पौंग झील में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां मतदान करवाकर वापिस लोट रही पोलिंग पार्टी की नाव झील में मछलियों के जाल में फंस गई। गनीमत रही की समय पर जाल को काटकर नाव को सुरक्षित किनारे तक पहुचाया गया अन्यथा कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता था।
जानकारी के मुताबिक टापू पर स्थित सथ कुठेड़ा-105 मतदान केंद्र में मतदान करवाने के बाद पोलिंग पार्टी वापस लौट रही थी। इस दौरान नाव झील में मछलियों के जाल में फंस गई। किनारे पहुंचने से 50 मीटर पहले नाव चालक नानक चंद ने साहस का परिचय देते हुए नाव से बहार उतरकर जाल काटा इसके बाद पोलिंग टीम को सुरक्षित जलाशय किनारे पहुंचाया।
टीम में पीआरओ संदीप कुमार, पोलिंग ऑफिसर रवि कुमार, पृथी चंद, रविकांत व स्वास्थ्य कर्मी आशा देवी शामिल थे। पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि अंधेरे में बोट के जाल में फंसने से डर का आभास हुआ। बोट चालक की समझदारी से वो इस मुसीबत से बाहर निकल आए।