शिमला, 30 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सहित तीन विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के लिए शनिवार को वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर एक बजे तक औसतन 30 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन विभाग के मुताबिक जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 32.58 फीसदी, अर्की में 27.85 फीसदी, फतेहपुर में 33.19 फीसदी और मंडी संसदीय क्षेत्र में 26.80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
हालांकि शुरुआती घंटों में मतदान काफी धीमा था और सुबह 10 बजे तक सात फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी और मतदान केंद्रों में मतदाता उमड़ने लगे। दोपहर 12 बजे तक औसतन 23 फीसदी मतदान हुआ।
चारों सीटों पर मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। राज्य भर में धूप खिलने से आज मौसम खुशगवार बना हुआ है और दोपहर बाद मतदान के और रफ्तार पकड़ने की संभावना है। शाम पांच बजे के बीच सामान्य मतदाता मतदान कर सकेंगे, जबकि पांच से छह बजे के बीच का समय कोविड पॉजिटिव मरीजों के लिए रखा है। निर्वाचन विभाग के अनुसार चारों सीटों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया चल रही है तथा कहीं से कोई अप्रिय घटना के समाचार नहीं हैं।