शिमला, 28 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश की एक लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों पर 30 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के दौरान 38 हजार से अधिक मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र में नए मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा और जुब्बल कोटखाई में सबसे कम है।
राज्य निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उपचुनाव में 38305 मतदाता 18 से 19 वर्ष की आयु के हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे। इनमें 20502 पुरुष और 17802 महिला मतदाता और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र में नए मतदाताओं की संख्या 32077, फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में 2069, अर्की विधानसभा क्षेत्र में 2564 और जुब्बल कोटखाई में 1595 है।
प्रदेश की चारों सीटों पर उपचुनाव में कुल 15 लाख 50 हजार 552 मतदाता भाग लेंगे। इनमें 7 लाख 87 हजार 926 पुरुष और 7 लाख 62 हजार 626 महिलाएं तथा 5 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। चार सीटों पर उपचुनाव के लिए 40 मतदान केंद्रों को महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। इन सीटों पर कुल 2796 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मंडी संसदीय सीट पर सर्वाधिक 2365, फतेहपुर में 141, अर्की में 154 और जुब्बल कोटखाई में 136 पोलिंग स्टेशन हैं।
उन्होंने कहा कि 48 पोलिंग स्टेशन को अतिसंवेदनशील, 276 पोलिंग स्टेशन को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। ऐसे पोलिंग स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे तथा सामान्य की तुलना में अधिक सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा। निर्वाचन विभाग के मुताबिक उपचुनाव में बड़े पैमाने पर पोलिंग स्टेशन पर वेब कास्टिंग होगी। यानी कैमरे की नजर रहेगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चार सीटों के लिए स्थापित 2796 पोलिंग स्टेशनों में से 1399 पोलिंग स्टेशन वेब कास्टिंग से जोड़े जाएंगे। ऐसे पोलिंग सटेशन में वोट डालने को छोड़कर अन्य हर गतिविधि को चुनाव से संबंधित अधिकारी इंटरनल नेटवर्क के जरिए देख सकते हैं।