ऊना,27 अक्टूबर: उपमंडल गगरेट के तहत संघनेई गांव में कैंसर से पीड़ित महिला की मौत होने पर 20 वर्षीय बेटी ने दुखी होकर जहर निगल लिया। जिसमें बेटी की मौत हो गईं। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है ।
जानकारी के अनुसार गांव संघनेई के वार्ड नंबर 6 की एक महिला पिछले दो साल के करीब कैंसर की बीमारी से पीड़ित थी। डॉक्टरों ने उसे इलाज से इंकार कर दिया था। परिजन घर पर ही महिला की देखभाल कर रहे थे।
महिला की मंगलवार देर रात मौत हो गई। महिला की 20 वर्षीय बेटी ये सदमा सहन नहीं कर पाई और उसी सदमे के चलते उसने जहर निगल लिया। युवती को गंभीर अवस्था में स्थानीय सिविल अस्पताल गगरेट ले जाया गया,जहां पर गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया।
युवती की इलाज के दौरान मौत हो गईं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। ग्राम पंचायत प्रधान त्रिलोक कुमार ने बताया की महिला दो साल से कैंसर से पीड़ित थी, देर रात उसकी मौत के बाद से लड़की की भी अचानक तबीयत खराब होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए,लेकिन उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया। एसपी अर्जित सेन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती के खौफनाक कदम से हर कोई स्तब्ध है।