मंडी, 26 अक्टूबर : प्रदेश सरकार अटल आशीर्वाद किट में घटिया सामान जच्चा-बच्चा को दे रही है, जबकि सरकार के द्वार तय किए गए रेट में कही बेहतर सामान दिया जा सकता है। यह आरोप कांग्रेस नेता सुरेश चंदेल ने मंगलवार को जिला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में लगाया।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर अटल आशीर्वाद किट में घटिया और सब-स्टैंडर्ड सामान वितरित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार क्या कर रही है। यह इस जानकारी से साफ हो रहा है कि हिमाचल प्रदेश सरकार अटल आशीर्वाद किट योजना के तहत कंपनी से करार खत्म होने के बावजूद अभी भी किट महंगे दामों में खरीद रही है।
सुरेश चंदेल ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना काल से अभी तक कहीं न कहीं कार्यों में घोटालों की बू आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दुनिया में आने वाले नवजात बच्चों के साथ-साथ उनकी माताओं की सेहत के साथ भी खिलवाड़ कर रही है और सरकार लापरवाही से काम कर रही है।
वहीं पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता सुरेश चंदेल ने लोकसभा उपचुनावों में भाजपा के चुनाव प्रभारी और प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह पर भी खूब जुबानी हमले किए। उन्होंने महेंद्र सिंह पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे चुनावों में कहीं दिखाई नहीं दे रहे जबकि उनके जनता के बीच जाने से कांग्रेस को ही लाभ मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महेंद्र सिंह ने नौकरी के मामले में अपने विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर को सब जगह फेमस किया, लेकिन प्रदेश के युवाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। जिसका जवाब युवा उन्हें होने वाले उपचुनावों में देंगे।
पत्रकार वार्ता में उनके साथ जिला कांग्रेस के मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह नामधारी, मीडिया पैनलिस्ट आकाश शर्मा व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।