शिमला, 26 अक्तूबर : हिमाचल की जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों पर भाजपा संगठन ने फिर चाबुक चलाया है। इस सीट पर भाजपा के बागी चेतन बरागटा चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा के संगठनात्मक जिला महासू के अध्यक्ष अजय श्याम ने 11 पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए भाजपा से निष्कासित किया गया है।
पार्टी से निकाले जाने वालों में जुब्बल कोटखाई मंडल उपाध्यक्ष महावीर व सुरेंद्र, जिला उपाध्यक्ष इंद्र चौहान, कार्यसमिति सदस्य कृष्ण चंद, वीरेंद्र चौहान, नरेंद्र चौहान, अशोक चौहान, निक्कम सिंह, बलवीर ठाकुर, श्यामा शर्मा और मोहिंदर शामिल हैं।
अनुशासन के लपेटे में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए जाने वाले ऐसे नेताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों, महिला मोर्चा के सदस्यों व भाजपा युवा मोर्चा सदस्यों को बाहर कर चुकी है।
दरअसल जुब्बल कोटखाई में भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र बरागटा के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा भाजपा की टिकट न मिलने पर बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने जिला परिषद सदस्य रही नीलम सरैइक को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक रोहित ठाकुर पर दांव खेला है।