मंडी, 24 अक्तूबर : पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा का कहना है कि मंडी सहित प्रदेश की तीनों विधानसभा सीटों पर जीत के साथ केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने की मुहिम शुरू होगी। यह बात उन्होंने आज द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले टकोली गांव में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त करके रख दिया है जिस कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई जैसे परिणाम लोगों को भुगतने पड़ रहे हैं। प्रतिभा सिंह की जीत देश में मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों के खिलाफ देश का जनमत साबित होगा।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में अमीर और गरीब के बीच खाई बढ़ती जा रही है। केंद्र की मोदी सरकार निजीकरण को बढ़ावा देकर देश की संपत्तियों को बेचकर अपने चहेते उद्योगपतियों को अनुचित लाभ दे रही है।
मोदी की जन विरोधी नीतियों व तानाशाही ने आज देश को गंभीर संकट में डाल दिया है। देश में न तो किसानों, बागवानों की आवाज सुनी जा रही है और न ही आम लोगों की। हुड्डा ने प्रतिभा सिंह को भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी जीत देश में भाजपा के खिलाफ एक बड़ा संदेश देगी।
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मतदान बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जनादेश होगा। भाजपा ने आज इस देश प्रदेश को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है। भाजपा इस उप चुनाव को लेकर पूरी तरह बौखलाई हुई है। भाजपा मुद्दों पर नहीं बल्कि क्षेत्रवाद की राजनीति कर लोगों को गुमराह कर रही है। द्रंग आज विकास के मामले में वहीं खड़ा है जहां पर इसे कांग्रेस ने छोड़ा था। आउटसोर्स की भर्ती में भी एक विशेष क्षेत्र के लोगों की भर्ती हो रही है जो यहां के युवाओं के साथ एक बड़ा अन्याय है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह को वोट देकर स्व. वीरभद्र सिंह को एक श्रद्धांजलि होगी।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही कभी धर्म तो कभी क्षेत्रवाद की राजनीति कर समाज को बांटने का प्रयास किया है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे भाजपा नेताओं से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी पर भी सवाल करें। भाजपा इन सवालों से बचती आ रही है। ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाकर उन्हें गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रही है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनकी जीत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के लिये उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, क्योंकि अब वीरभद्र सिंह अब उनके बीच नहीं है, पर उन्होंने उनके कार्यों को आगे बढ़ाते हुए उनके सपनों को पूरा करना है।