शिमला, 22 अक्टूबर : प्रदेश में शुक्रवार को होने वाली पंचायत सचिव भर्ती की परीक्षा को लेकर सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस पार्टी ने उपचुनाव के बीच पंचायत सचिव की परीक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि राज्य सरकार इस परीक्षा को चुनाव संपन्न होने के बाद भी करवा सकती थी। उन्होंने इस परीक्षा को प्रदेश विश्वविद्यालय के माध्यम से करवाने पर भी सवाल उठाते हुय कहा कि इस परीक्षा को अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से करवाना उचित होगा। इस परीक्षा के माध्यम से उन्होंने राज्य सरकार पर मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप लगाया।
कुलदीप राठौर वीरवार को शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। राठौर ने भाजपा पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। कछेक अधिकारी व कर्मचारी भाजपा के एजेंट बन कर कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से चुनाव आयोग को अनेकों शिकायतें भेजी जा रही है, परन्तु चुनाव आयोग निष्पक्षता से शिकायतों का निपटारा करने में विफल साबित हुआ है।
राठौर ने आरोप जड़ा कि इन उप चुनावों में प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री सहित भाजपा क्षेत्रवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री बार-बार मेरी मण्डी-मण्डी का राग अलापते रहते हैं, परन्तु उनको यह ज्ञात होना चाहिए कि मुख्यमंत्री केवल एक क्षेत्र विशेष का नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का होता है।