रिकांगपिओ, 21 अक्तूबर : वीरवार सांय 4 बजे के करीब जिला के आकपा- जंगी सड़क मार्ग पर आल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार को एक आल्टो कार (HP06A -2915) आकपा -जंगी सड़क मार्ग से गुजर रही थी। जंगी गांव से पीछे सफेद डांक के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मृतक की पहचान जंगी निवासी वाहन चालक चंद्र प्रेम के रूप में हुई है, जो आकपा से अपने गांव जंगी की ओर जा रहा था। बताया गया है कि दुर्घटना के समय वाहन में युवक अकेला ही था। मृतक का पोस्टमार्टम नजदीक के स्थानीय चिकित्सालय में किया जा रहा है। मृतक कारपेंटर का कार्य करता था। अब तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारण की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पहुंचे पटवारी कृष्ण कुमार नेगी ने बताया कि अभी मृतक के परिजन नहीं पहुंचे हैं। प्रशासन की ओर से परिजनों को फौरी राहत प्रदान कर दी जाएगी।