मंडी, 21 अक्टूबर : देश और प्रदेश की भाजपा सरकारें बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को रोकने में विफल रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाकर अपने लिए समर्थन मांग रही है। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व में मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर ने द्रंग में कही। उन्होंने बुधवार को मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए अपने गृह क्षेत्र द्रंग से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
उन्होंने नुक्कड़ सभाओं के दौरान कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार किसी भी जनहितैषी मुद्दे पर विफल रही है। जिससे लोगों में सरकार के प्रति भारी रोष है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर भी जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि मोदी ने 7 वर्षों में 14 करोड़ को रोजगार तो नहीं दिया लेकिन उनके काल में 2 करोड़ लोगों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। उनके लिए भी सरकार कोई राहत नहीं दे पाई है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, और इसका खामियाजा भाजपा सरकार को उप चुनाव में हार के साथ भुगतना होगा।
उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा में जनता का रुझान कांग्रेस पार्टी की तरफ है, और कार्यकर्ताओं में भी उपचुनावों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कौल सिंह ठाकुर ने बुधवार को द्रंग की ग्राम पंचायत चुक्कू, उरला, गवाली, सियुन, चेली और कुन्नू में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में नुक्कड़ सभाएं कर जनसमर्थन जुटाया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल, टेक सिंह, डॉ. राजेंद्र, कुशाल ठाकुर, भीम सिंह, चुक्कू पंचायत उप प्रधान रमेश कुमार, नरेश चावला, राज कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।