मंडी,20 अक्तूबर : पूरे देश में आज कांग्रेस पार्टी की हालत खराब है और जहां कुछ राज्यों में कांग्रेस की सरकारें थी अब वहां भी भाजपा ने अपना कब्जा जमा लिया है। इसके साथ ही आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश से भी कांग्रेस का सुपड़ा साफ होने वाला है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र के सरोआ में आयोजित जनसभा में कही।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों के प्रचार के दौरान कांग्रेस के नेता जिस तरह की भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनके कार्यकर्ताओं को भी पसंद नहीं आ रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में विपक्ष के नेता ने जिस तरह से भाषण दिया उससे हर कोई आहत है।
कांग्रेस के नेता भी कहते हैं कि उस नेता की तो भाषा ही ऐसी है। कांग्रेस के लोगों ने भी कहा कि हमें भी उनकी ये भाषा पसंद नहीं आई। कांग्रेस नेता के भाषण से उनके कार्यकर्ता भी आहत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी के लोग सही समय आने पर उनको इसका जवाब देंगे। इसके साथ ही विपक्ष के द्वारा प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर पर ज्यादातर हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल करने के बयान पर भी सीएम ने कांग्रेस पर चुटकी ली है। सीएम जयराम ठाकुर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मुख्यमंत्री तो हेलीकॉप्टर से जाते हैं। ये लोग क्या बैलगाड़ी से जाते थे।
उन्होंने बताया कि हिमाचल सरकार के पास 1993 से हेलीकॉप्टर रहा। कांग्रेस के शासनकाल में हेलीकॉप्टर का क्या इस्तेमाल रहा यह सभी लोगों को पता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल वैक्सीन पहुंचाने, दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने में किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस बार भी भाजपा को भारी बढ़त देने का आग्रह करते हुए कहा कि दो तारीख को चुनाव परिणाम आएगा। चार तारीख को हम शानदार तरीके से दिवाली मनाएंगे, इस बार की दिवाली डबल जश्न वाली होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने सरोआ में लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को वोट देने की अपील भी की। बुधवार को सीएम ने मंडी जिला के सराज विधानसभा के सरोआ, शिवाबदार और सदर के नेला में चुनावी जनसभाएं की।