पांवटा साहिब, 18 अक्तूबर : दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव का सोमवार को शुभारंभ हुआ। उपायुक्त राम कुमार गौतम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने यमुना तट पर पूरे विधि-विधान एवं रीति-रिवाज के साथ यमुना पूजा अर्चना तथा हवन कर महोत्सव का शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना में उपायुक्त राम कुमार गौतम की पत्नी ज्योत्सना तथा उप मंडल अधिकारी विवेक महाजन व उनकी पत्नी मीनू महाजन भी शामिल हुई।
बताया जा रहा है कि उप चुनाव में व्यस्त स्थानीय विधायक व पावर मंत्री सुखराम चौधरी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इसके उपरांत उपायुक्त ने नगरपालिका मैदान में स्वास्थ्य विभाग, हिम ऊर्जा विभाग, विधिक सेवाएँ, लोक निर्माण विभाग, बाल विकास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर पालिका, कृषि विभाग, उद्यान विभाग तथा बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद अवलोकन किया।
डीसी ने अपने संबोधन में सी.आर.भी. ललित को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पांवटा साहिब में यमुना शरद महोत्सव के आयोजन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोविड-19 महामारी के कारण समिति द्वारा यमुना शरद महोत्सव को अलग ढंग से मनाया जा रहा है। उपायुक्त ने इस महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने पर प्रदेश सरकार का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि सिरमौर ने कोरोना टीकाकरण के पहले डोज की शत प्रतिशत कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। अब सभी को मिलकर 30 नवंबर 2021 तक दूसरे डोज में भी शत प्रतिशत आंकड़ा पार करना है, जिसके लिए ख़ुद भी टीकाकरण करवाना है तथा आस-पास के लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने लोगों से इस शरद् महोत्सव पर प्राकृतिक को स्वच्छ रखने का संकलप लेने का आग्रह किया। इसके उपरांत उपायुक्त ने खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष नगरपालिका ओम प्रकाश कटारिया, जिला भाजपा उपाध्यक्ष कुलदीप राणा, सतीश गोयल सहित तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, खण्ड विकास अधिकारी अनूप शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।