शिमला, 17 अक्तूबर : चौेपाल उपमंडल में भीष्ण अग्निकांड में तीन सगे भाइयों के आशियाने जलकर राख हो गए। आगजनी में लाखों रुपए की संपति पल भर में स्वाह हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया। सड़क तंग होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई। सुबह सूचना पर प्रशासन की टीम पीड़ितों के घर जा पहुंची और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस आगजनी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। ये अग्निकांड आज तड़के चौेपाल से 35 किलोमीटर दूर रूमाटल ग्राम पंचायत के कुज्वी गांव में हुआ।
अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी अनुसार कुज्वी गांव तीन सगे भाइयों मस्त राम, धनीराम और हरिचंद के लकड़ी के घर बने हुए थे। आज तड़के अचानक एक घर में आग भड़की और देखते ही देखते आग तेज हो गई। जब तक घर के परिजन व आसपास के ग्रामीण कुछ कर पाते तब तक आग विकराल रूप ले लिया था। आग की चपेट में आने से तीनों भाइयों के मकान पूर्ण रूप से जलकर राख हो गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पा सके। सुबह अग्निकांड की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन की टीम मौके पर जा पहुंची और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। आग से तीनों भाइयों को भारी क्षति उठानी पड़ी है। स्थानीय लोगों ने सरकार व प्रशासन से प्रभावितों की मदद का आग्रह किया है।