धर्मशाला/आशीष शर्मा : हिमाचल के धर्मशाला के समीपवर्ती इन्दूनाग में बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पैराग्लाइडर की रस्सी में फंसने से उड़ान में मदद कर रहे एक शख्स की दर्दनाक मौत हो गई। कई फीट ऊंचाई तक वो पैराग्लाइडर के साथ ही आसमान की तरफ उड़ गया था।
जानकारी के मुताबिक पैराग्लाइडिंग साइट पर एक पायलट ने उड़ान भरनी थी। इस दौरान टेक ऑफ में एक शख्स पायलट की मदद कर रहा था। हालांकि स्पष्ट होना बाकी है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जैसे ही पायलट ने उड़ान भरी तो मदद कर रहे सहयोगी का पांव पैराग्लाइडर में फंस गया। वो भी काफी ऊंचाई तक पैराग्लाइडर के साथ ही उड़ गया। हवा में लटकने के कुछ देर बाद वो पैराशूट से नीचे गिर गया।
मृतक की पहचान दाडनू के रहने वाले 35 वर्षीय शख्स के तौर पर हुई है। सूचना मिलने के बाद तुरंत ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बता दें कि ऐसी घटना पहले भी हो चुकी है। एक टेेंडम फ्लाइट में उड़ान में मदद करने वाले व्यक्ति की भी गिरने के कारण मौत हो गई थी।