कुल्लू, 15 अक्तूबर : ढालपुर मैदान में दशहरा उत्सव के लिए पहुंचे 3 देवी देवताओं के टेंट में आग लग गई जिसमें 2 लाख के नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार यह आगजनी घटना देवता के टेंट में सिलेंडर लीक होने के कारण हुई है। पुराने स्टेट बैंक के साथ लगते मैदान में देवता लोमश ऋषि पेखड़ी बंजार के एक टेंट में सिलेंडर लीक हो गया जिससे एकाएक आग भड़क गई। देखते ही देखते लोमश ऋषि के 2 टेंट, 20 बिस्तर राशन, टेंट और देवता के घाघरे तोपे आदि जल गई है जिसमें लोमश ऋषि को करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है जबकि इसके साथ लगते बालू नाग देवता तांदी बंजार के काफी टेंट आंशिक रूप से जल गए है इसमें भी करीब 20 हजार का नुकसान हुआ है।
गाढ़ा दुर्गा बांदल सरची का टेंट भी जल गया है। उक्त माता को भी करीब 20 हजार का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग के अनुसार यह आगजनी घटना गैस सिलेंडर लीक होने के कारण पेश आई है। आग पर दमकल विभाग की टीम ने काबू पा लिया है।