पांवटा साहिब, 15 अक्तूबर : उपमंडल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। ताजा घटनाक्रम में एक महिला की दर्दनाक मौत होने की सूचना है। हादसा, यमुना ठाकुर धाम से क्रैशर जोन मानपुर देवड़ा पर महादेव स्टोन क्रशर के नजदीक सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास हुआ। पैदल चल रही महिला को ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। इससे महिला ट्रैक्टर के सामने गिर गई। इस दौरान ट्रैक्टर का टायर गिरी हुई महिला के ऊपर चढ़ गया।
चालक की पहचान मानपुर देवड़ा के रहने वाले राजकुमार पुत्र पाल सिंह के तौर पर की गई है। वो मौके पर ट्रैक्टर खड़ा करने के बाद भाग गया। फौरन ही नाजुक हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन वो वहीं दम तोड़ चुकी थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा-279 व 304ए के अलावा एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुरूवाला पुलिस तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है। मृतक महिला की पहचान 45 वर्षीय सोहंदी देवी पत्नी राम स्वरूप निवासी मानपुर देवड़ा के तौर पर की गई है।
बता दें कि बीती शाम देहरादून हाईवे पर बेहड़ेवाला में एक बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इस घटना में 24 साल के युवक ने दम तोड़ दिया था, जबकि एक उपचाराधीन है। मृतक युवक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया था। दीगर ये भी है कि ट्रैक्टर से ही कुचले जाने के कारण एक अन्य घटना में पांच साल की बच्ची की मौत हो गई थी।