शिमला, 15 अक्तूबर : हरियाणा के एक शख्स ने पत्नी की हत्या की खौफनाक स्क्रिप्ट लिखी। पहले वो पत्नी व बच्चे को घुमाने की बात कहकर कुफरी लेकर आया। 26 सितंबर 2021 की घटना में पति ने कार में ही पत्नी के सिर पर वार कर दिया। बाद में ये दिखाया कि पत्नी सड़क दुर्घटना में घायल हुई है। चूंकि हादसे के बाद महिला की सांसें चल रही थी, लिहाजा उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया।
पंजाब की रहने वाले 29 वर्षीय महिला पर हमले के मामले में पहले पुलिस ने आईपीसी की धारा-307 व 506 के तहत मामला दर्ज किया था। इसी बीच पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पीजीआई में दर्ज कर लिए थे। महिला ने खौफनाक अपराध पर से अपने बयान से पर्दा खोल दिया था। 12 अक्तूबर 2021 की शाम महिला की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत ही 26 सितंबर 2021 की वारदात को हत्या में बदल कर आईपीसी की धारा-302 को शामिल कर लिया।
डीएसपी (सिटी) मंगत के नेतृत्व में आरोपी को दबोचने के लिए टीम गठित की गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है, जो मूलतः जींद का रहने वाला है। पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि वो पिछले 6 सालों से पंचकूला में रह रहा था। अब पुलिस वारदात में आरोपी का हत्या के पीछे का मकसद जानने में भी जुटी हुई है।
आरोपी की पहचान 35 साल के रविंद्र मलिक के तौर पर हुई है। मृतक महिला के साथ उसकी दूसरी शादी थी। 25 सितंबर को वो पत्नी व बच्चे को घुमाने शिमला लेकर आया था। अगले दिन वो कार में कुफरी निकल गए। प्रारंभिक जांच में ये भी पता चला है कि इस दौरान पति-पत्नी की किसी बात पर बहस हुई थी। गुस्साए पति ने किसी वस्तु से महिला के सिर पर प्रहार कर दिया। पीजीआई में महिला जिंदगी व मौत के बीच जूझती रही।
एसपी शिमला मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि घायल महिला की इलाज के दौरान मौत होने के बाद आरोपी पति को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया गया है।