मंडी, 14 अक्तूबर : दिवंगत वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेसी नेताओं में बडे़ नेता बनने की होड लगी हुई है, जिसके बाद कांग्रेसी नेता अपने पार्टी में बड़ा कद पाने क लिए उछल कूद करने में लगे हुए हैं।
यह बात सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा उपचुनावों की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए जंजैहली के चोलथाच में कही। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को सत्ता और कुर्सी की लालसा है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने कोविड काल के दौरान भी तरह-तरह की बाते की है और आज भी जनता को गुमराह करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इतनी गुटबाजी है कि अधिकतर नेता प्रदेश में वीरभद्र सिंह बाद बड़े नेता बनने की होड़ में हैं जबकि भाजपा हिमाचल प्रदेश में पूरी तरह से एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है।
वहीं अपने चुनावी दौरे के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों कन्हैया कुमार व नवजोत सिंह सिद्धू पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि एक पर देशद्रोह का मामला चला हुआ है वहीं दूसरे ने अपने ही पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी का नाम खराब कर पूरे देश में फेमस कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में प्रदेश के नेता शामिल हैं, वहीं कांग्रेस ने बाहरी राज्यों से नेताओं को लाकर अपनी कमजोरी का सबूत दिया है।
जयराम ठाकुर ने चुनावी जनसभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी कुशाल ठाकुर के पक्ष में वोट करने की अपील की, उन्होंने कहा कि उपचुनाव में सराज के लोग पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार ज्यादा बढ़त दिलाएं। वीरवार को उन्होंने मंडी जिला में अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के छतरी, (जंजैहली) चोलथाच और कुल्लू जिला के बंजार में चुनावी जनसभाएं की।
ता दें कि मंडी लोकसभा उपचुनावों के चलते आज कल समूचे संसदीय क्षेत्र में राजनीति गरमाई हुई है और सभी दल अपने-अपने प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं।