मंडी, 14 अक्तूबर : राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी हिमाचल प्रदेश में लोकसभा का उपचुनाव पहली बार लड़ रही है और अगर पार्टी प्रत्याशी को जनता मौका देती है तो समस्त मंडी संसदीय क्षेत्र में विकास की इबारत गांवों से लिखी जाएगी। जिसके लिए पार्टी ने रोड़ मैप तैयार कर लिया है। इस बारे में जानकारी देने के लिए मंडी में गुरूवार को एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी प्रत्याशी अंबिका श्याम सहित पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा।
वार्ता के दौरान मंडी लोकसभा संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी की प्रत्याशी अंबिका श्याम ने बताया कि उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए रोड़ मैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे देश और प्रदेश की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में कार्य करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनका पहला कार्य लोगों को शुद्ध पेयजल, बेरोजगारों को पंचायत स्तर पर ही रोजगार सृजन के अवसर, घर द्वार पर बेहतर और उच्च तकनीकी शिक्षा और बागवानी में युवाओं को बेहतर रोजगार देने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत स्तर पर कोल्ड स्टोर बनवाने का वादा भी किया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी की प्रत्याशी ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के सरकार के वादों की पोल खोली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारे प्रदेश में पर्यटन के नाम पर कार्य करने में असफल रहीं हैं। जिससे कि प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की राह देख रहे लाखों युवाओं को निराशा ही मिली है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हे मौका दिया तो वे प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में आगे लेकर जाएंगी। इसके साथ ही वे सेना में हिमालयन बटालियन को बनाने की पैरवी भी करेंगी।
इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी डीएन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अपना पहला चुनाव लड़ रही है, जिसमें केवल मंडी लोकसभा सीट से पार्टी ने अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी के पास 12 आवेदन आए जिसके बाद 4 नामों पर वोटिंग होने के बाद अंबिका श्याम के नाम पर मुहर लगी है। उन्होंने बताया कि पार्टी का वीजन देश में सत्ता परिवर्तन ही नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन करना है। इस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय प्रभारी नंदी जयवर्धन, संयोजक व राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एसपी शर्मा, रोशन लाल कौंडल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बता दें कि अंबिका श्याम हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के ब्रौं गांव निवासी हैं। उनके पिता व दादा भारतीय सेना में सेवाए दे चुके हैं। इनकी प्रारंभिक शिक्षा वेस्ट बंगाल, 12वीं तक की शिक्षा रामपुर, डीपीएड नागपुर और वकालत की पढ़ाई देहरादून में हुई जबकि इन्होंने वकालत का अभ्यास माया नगरी मुंबई में किया, इसके बाद अंबिका समाज सेवा करने के बाद अब राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रहीं हैं। लेकिन प्रदेश में दो प्रमुख दलों के अलावा तीसरे विकल्प की राह आसान नहीं है।