शिमला, 13 अक्तूबर : हिमाचल में चार सीटों पर उपचुनाव के बीच एचआरटीसी कमियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एचआरटीसी के करीब 12 हज़ार कर्मचारी 18 अक्तूबर को एक दिन की हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान एचआरटीसी की बसें नहीं चलेगी। राज्य भर में एचआरटीसी की बस सेवा ठप रहने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए 18 अक्तूबर को हड़ताल पर रहने जा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन कर्मचारियों को वितीय लाभ देने तथा हमारी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नही है।
उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों एवं पैंशनरों की लगभग 582 करोड़ रुपए के अनेकों वितीय लाभ की देनदारियां वर्षों से लंबित है और यह आगे भी जमा हो रही है। यह वित्तीय लाभ अन्य विभागों के कर्मचारियों को बहुत पहले जारी हो चुके हैं। लेकिन निगम में यह एक प्रथा बन चुकी है कि बिना आंदोलन किए कोई भी वित्तीय लाभ नहीं दिए जाते।
पिछले चार वर्षों से कर्मचारियों ने कोई भी आंदोलन नहीं किया और बिना मांगे प्रबंधन व सरकार कर्मचारियों के कोई भी वित्तीय लाभ नहीं देती। यही वजह रही है कि अब तक कर्मचारियों को लगभग 582 करोड़ रुपए की वित्तीय देनदारियां लंबित हो चुकी है।
कहा कि एचआरटीसी का कर्मचारी अपने देय लाभ लेने के लिए दो माह से संघर्षरत है और प्रबंधन व सरकार के उदासीन, अडय़िल व्यवहार के कारण कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है जिससे प्रदेश की आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।