मंडी,13 अक्तूबर : देश की सरहदों की रक्षा में अपने बच्चों को भेजने वाले माता-पिता महान हैं और देश के वीर सपूतों की शहादत का हम दिल से सम्मान व गर्व महसूस करते हैं। यह बात मंडी लोकसभा उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने मंडी में कही। उन्होंने बुधवार को मंडी जिला के सरकाघाट में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की रक्षा करने के लिए अपने बच्चों को सरहदों पर भेजने वाले माता-पिता महान हैं जिनके बच्चे जान की परवाह किए बगैर भारत माता की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में सैनिकों ने अपना अहम योगदान दिया है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। हिमाचल प्रदेश से कई स्थानों जवानों ने प्रदेश का नाम रौशन किया है और देश की रक्षा में शहादत का जाम पिया है। ऐसे परिवारों और शहीदों का ऋण देश और प्रदेशवासी जन्म जन्मांतर तक नहीं चुका सकते। इसके साथ ही मंडी लोकसभा उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी ने देश और प्रदेश की भाजपा की सरकारों पर जमकर जुबानी हमले भी बोले।
उन्होंने कहा कि भाजपा धनबल और सत्ता बल पर चुनावों में जाती है। जनता को भ्रमित करती है और सत्ता हथिया लेती है। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके चुनाव लड़ने का मकसद किसी प्रकार का पद या उंचा औहदा लेने का नहीं बल्कि प्रदेश के लोगों की सेवा करना है।
इस दौरान प्रतिभा सिंह ने सरकाघाट के भांबला, बतैल, बलद्वाड़ा, नबाही, सरकाघाट मार्केट, रोपड़ी और गौंटा में चुनावी सभाएं की और सभी से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रमों के दौरान उनके साथ रंगीला राम राव, पवन कुमार सहित कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।