मंडी,13 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र में होने वाले लोकसभा उपचुनाव के चलते दिन प्रतिदिन क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। जिसके चलते राजनीतिक दलों के द्वारा एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी हो गया है। बुधवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी ने परिवारवाद के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर पलटवार किया है।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाने वाली बीजेपी खुद परिवारवाद से घिरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भाजपा के 38 सांसदों की सूची मौजूद है जो वंशवाद के चलते ही राजनीति में आए हैं। उन्होंने बीजेपी को नसीहत देते हुए कहा कि बीजेपी नेता कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले खुद आईने में झांक कर देखें।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मंडी लोकसभा सीट से प्रतिभा सिंह को टिकट दिया है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रतिभा सिंह के चुनाव मैदान में उतरने के बाद सहम गए हैं, तभी तो वह हर जगह जाकर उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी चरम सीमा पर है और भारतीय जनता पार्टी हरेक चुनाव में जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाती है और इन उपचुनावों में भी भाजपा यही कर रही है।
पत्रकार वार्ता के दौरान संजय दत्त मीडिया के सवालों से बचते हुए भी नजर आए। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह द्वारा कारगिल युद्ध को छोटा युद्ध बताए जाने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने यह बयान दिया है वही इसका स्पष्टीकरण दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से सेना और शहीदों का सम्मान किया है। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, शहरी कांग्रेस प्रभारी अनिल सेन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी सहित अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।