मंडी,12 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिला एवं गृह संसदीय क्षेत्र मंडी में उपचुनावों के दौरान सियासी भूचाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन मंडी संसदीय क्षेत्र में किसी न किसी राजनीतिक हलचल के कारण प्रदेश की राजनीति का माहौल गर्माता ही जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नाचन विधानसभा क्षेत्र के नांडी में जनसभा के दौरान कारगिल युद्ध पर विवादित बोल सुनने को मिले।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने फौजी को टिकट इसलिए दिया कि उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया। कारगिल युद्ध कोई बहुत बड़ा ऐसा युद्ध नहीं था। वह हमारी धरती थी, जिस पर पाकिस्तानियों ने कब्जा किया था। उनको खदेड़ने व हटाने की बात थी। अगर उसमें किसी ने भाग लिया तो भाजपा उसका श्रेय लेना चाहती है। सैनिकों के वोट पर भाजपा की नजर है।
वहीं अब प्रतिभा सिंह के कारगिल युद्ध को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भाजपा भी हमलावर हो गई है। इसको लेकर प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सह प्रभारी राकेश जम्वाल ने प्रतिभा सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राकेश जम्वाल ने कहा कि चुनावी फायदे को लेकर प्रतिभा सिंह के द्वारा सैनिकों पर इस प्रकार का बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से बयानबाजी करना सही है। लेकिन लेकिन सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी करना निंदनीय है। राकेश जम्वाल ने कहा कि भाजपा के कुनबे की बढ़ती हुई लोकप्रियता को देखते हुए कांग्रेस द्वारा बौखलाहट में इस प्रकार की बयानबाजी की जा रही है।