मंडी, 10 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश में उप चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की तरफ से स्टार प्रचारक बनाए गए कन्हैया कुमार आज मंडी पहुंचे। यहां पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेता ने कन्हैया का गर्मजोशी से स्वागत किया। गांधी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनके पांव में छाले नहीं पड़ते वो दूसरों का दर्द नहीं समझ सकते।
आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के प्रभारी रहने के बाद भी यहां के लोगों के दर्द को नहीं समझ पाए हैं। कन्हैया कुमार ने कहा कि वे खुद हिमाचल में घूमे हैं और यहां के दुर्गम क्षेत्रों में भी गए हैं और उन्हें अच्छी तरह से पता है कि यहां के लोगों की क्या परेशानियां हैं।
वहीं उन्होंने भाजपा पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा उन्हें देशभक्ति न सिखाएं, क्योंकि उनके पूर्वजों ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया है और आज भी परिवार को उसके बदले में पेंशन मिलती है। परिवार के कई लोग सेना में सेवाएं देकर अपनी कुर्बानियां दे चुके हैं। उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की कि जब भाजपा के नेता वोट मांगने आएं तो उन्हें पिछले चुनावों का घोषणा पत्र दिखाएं और पूछें कि कितने वायदे पूरे हुए। कन्हैया कुमार ने कहा कि ये सिर्फ विज्ञापनों की सरकार है और झूठा प्रचार करना ही इनकी आदत बन चुकी ह
पूर्व सैनिक को मंडी से टिकट देने पर भी कन्हैया कुमार ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि विधान में यह व्यवस्था की गई है कि सेना को राजनीति से दूर रखा जाए। कन्हैया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अधिकतर घरों के लोग सेना में कार्यरत हैं और यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लड़ाई न्याय और अन्याय के बीच में चल रही है।